रक्षा PSU भारत डायनामिक्स को मिला बड़ा ऑर्डर, IAF के लिए बनाएगी स्मार्ट बम
नई दिल्ली: रक्षा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी भारत डायनामिक्स लिमिटेड (BDL) को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कंपनी ने भारतीय वायुसेना के लिए सैटेलाइट स्मार्ट एंटी एयरफील्ड वेपन्स (SAT-SAAW) की आपूर्ति का ठेका हासिल किया है।
इस अनुबंध की कुल कीमत ₹810.79 करोड़ है। समझौते पर 23 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।
क्या है SAT-SAAW?
यह एक हवा से जमीन पर मार करने वाला सटीक ग्लाइड बम है। इसे दुश्मन के हवाई अड्डों को दूर से ही निष्क्रिय करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसे जैगुआर, हॉक और सु-30 एमकेआई जैसे विमानों से छोड़ा जा सकता है।
इस सिस्टम को डीआरडीओ ने स्वदेशी रूप से विकसित किया है। इसमें 60 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री होगी। इनिशियल मेजरमेंट यूनिट, लॉन्ग इंपैक्ट डिले फ्यूज और ट्विन स्टोर कैरियर जैसे उप-प्रणालियों को भी स्वदेशी बनाने का प्रयास जारी है।
डिलीवरी का समय
हथियारों की आपूर्ति 2027-28 और 2028-29 के दौरान की जानी है।
यह ऑर्डर ‘बाय (इंडियन – इंडिजेनसली डिजाइन, डेवलप्ड एंड मैन्युफैक्चर्ड)’ श्रेणी के अंतर्गत आता है। इससे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को और मजबूती मिलेगी।
