बीसीसीएल की सीएसआर पहल के अंतर्गत पूर्वी टुंडी स्थित पेमिया ऋषिकेश मेमोरियल आवासीय अनाथ विद्यालय के नव-निर्मित छात्रावास का उद्घाटन
ऋषिकेश: बीसीसीएल की सीएसआर परियोजना के अंतर्गत पूर्वी टुंडी, पोखरिया, धनबाद स्थित पेमिया ऋषिकेश मेमोरियल आवासीय अनाथ विद्यालय के नव-निर्मित छात्रावास परिसर का उद्घाटन आज दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर टुंडी क्षेत्र के माननीय विधायक श्री मथुरा प्रसाद महतो अपनी धर्मपत्नी श्रीमती पोबिया देवी के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दीक्षा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, श्रीमती रंजना सिंह तथा श्रीमती नीता कुमार सहित महिला मंडल की अन्य सम्मानित सदस्याओं ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता की।
अपने संबोधन में श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्वों के निर्वहन हेतु सदैव प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्ग के लोगों विशेषकर बच्चों को सुरक्षित, सुविधायुक्त और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस नव-निर्मित छात्रावास से बच्चों को बेहतर आवासीय सुविधाएँ प्राप्त होंगी, जिससे वे अपनी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि दीक्षा महिला मंडल सदैव शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन करता रहा है और आगे भी समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
माननीय विधायक श्री मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि बीसीसीएल अपनी सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेषकर शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण पहल संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए दीक्षा महिला मंडल द्वारा भी नियमित रूप से विभिन्न सामाजिक गतिविधियाँ संचालित की जाती हैं। उन्होंने धनबाद के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में अनाथ बच्चों के सहायतार्थ बीसीसीएल द्वारा किए गए इस कार्य को सराहनीय एवं प्रेरणादायक बताया और कहा कि इससे निराश्रित एवं वंचित वर्ग के बच्चों को सुरक्षित वातावरण में अपनी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने में पर्याप्त सहायता मिलेगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान महिला मंडल की सदस्याओं द्वारा छात्रावास परिसर के लिए आवश्यक सामग्रियाँ, जैसे पंखे आदि, उपलब्ध कराए गए तथा बच्चों के बीच फुटबॉल, बैडमिंटन, कैरम सहित विभिन्न खेल सामग्री एवं मिठाइयों इत्यादि का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान आगामी होली पर्व के अवसर पर सभी गणमान्य अतिथियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दीं और अपनी मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष (सीएसआर) बीसीसीएल श्री सुरेन्द्र भूषण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी, प्राचार्या श्रीमती माधुरी, शिक्षक श्री राजेश कुमार, आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राएँ, स्थानीय प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
