कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री मनोज कुमार गांगेय ने किया एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र का दौरा
भारत सरकार के कोयला मंत्रालय के संयुक्त सचिव एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री मनोज कुमार गांगेय ने एसईसीएल के सोहागपुर क्षेत्र का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने बंद हो चुकी विवेक नगर भूमिगत खदान का निरीक्षण किया। इस खदान को कोयला मंत्रालय के निर्देशानुसार ईको पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है।
परियोजना का अवलोकन
श्री गांगेय ने परिसर में विकसित किए जा रहे तालाब और 5 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का अवलोकन कर परियोजना की प्रगति की जानकारी ली।
यह पहल खदान पुनर्विकास के साथ-साथ हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और स्थानीय समुदाय के लिए जनोपयोगी सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के संदेश के साथ श्री मनोज कुमार गांगेय ने ईको पार्क परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने परियोजना की विकास योजना की समीक्षा करते हुए प्रभावी क्रियान्वयन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदाय के हितों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक
इसके बाद सोहागपुर हाउस में क्षेत्र के विभागाध्यक्षों, उपक्षेत्र प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही एसईसीएल में संचालित तीन माह के केंद्रीय सतर्कता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और उसके अंतर्गत संचालित गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपस्थित अधिकारी
दौरे के दौरान सोहागपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव, एसईसीएल बिलासपुर के महाप्रबंधक (एमसीआर) श्री पीयूष किशोर सहित क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
